अरूणाचल प्रदेश में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू और मुख्यमंत्री पेमा खांडू के नेतृत्व वाले केन्द्रीय दल ने आज राज्य में बाढ और भूस्खलन प्रभावित इलाकों का विमान से सर्वेक्षण किया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री रिजिजू ने लापताप गांव का भी दौरा किया जहां भूस्खलन की घटना में 14 लोग मारे गए थे।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पक्के कासांग क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद कहा कि बारिश की वजह से हुए भूस्खलन के कारण कई जगहों पर सड़कों को बंद कर दिया गया है और सरकार, जल्द से जल्द इन्हें बहाल करने की कोशिश करेगी। श्री रिजिजू ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रस्ताव शीघ्र ही केंद्र के समक्ष रखा जाएगा। इससे पहले केन्द्र, राज्य आपदा राहत कोष के तहत पहले से ही धनराशि जारी कर चुका है। सर्वेक्षण के बाद राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि बारिश से होने वाले नुकसान का वास्तविक आकलन बरसात के बाद ही किया जा सकता है। अचानक हुए खराब मौसम के कारण टीम, राज्य में सभी प्रभावित इलाकों का दौरा नहीं कर सकीं।
केन्द्र ने अरूणाचल प्रदेश के लिए राहत और बचाव कार्यों के वास्ते 51 करोड़ तीस लाख रूपए की अग्रिम सहायता दी है। चौथे वित्त आयोग की सिफारिश पर केन्द्र ने राज्य को यह मदद दी है।